चिट्ठियां और संवाद

दौर चिट्ठियों का अब नहीं रहा। अब कोई किसी को चिट्ठी नहीं लिखता, न ही कोई किसी की बातों को अब संजो कर रखता है। समय की गति ने संचार के साधनों को इतना तेज़ बना दिया है कि भावनाएँ भी अब त्वरित हो गई हैं। जहाँ पहले शब्दों को सोच-समझकर कागज़ पर उतारा जाता था, वहीं आज वे उँगलियों के स्पर्श मात्र से स्क्रीन पर आ जाते हैं और उतनी ही जल्दी गायब भी हो जाते हैं। 



चिट्ठियाँ केवल संवाद का माध्यम नहीं थीं, वे भावनाओं का संग्रह थीं। उनमें स्याही से अधिक दिल की गहराई होती थी। हर शब्द में प्रतीक्षा का दर्द, मिलन की आशा और अपनेपन की गर्माहट छिपी होती थी। एक चिट्ठी आने में कई दिन लग जाते थे, परन्तु उसके आने की खुशी किसी उत्सव से कम नहीं होती थी। लोग बार-बार उसे पढ़ते, सहेज कर रखते और कभी-कभी तो वर्षों बाद भी उसे खोलकर वही पुरानी अनुभूतियाँ जी लेते थे। आज के समय में संवाद के साधन अत्यंत उन्नत हो गए हैं। मोबाइल फोन, फेसबुक, ईमेल और सोशल मीडिया के अन्य साधनों ने दूरी को समाप्त कर दिया है। अब संदेश भेजने में एक क्षण भी नहीं लगता। परन्तु इस सहजता ने कहीं न कहीं संवाद की गहराई को कम कर दिया है। आज के संदेश छोटे, त्वरित और औपचारिक हो गए हैं। उनमें वह आत्मीयता और ठहराव नहीं है जो कभी चिट्ठियों में हुआ करता था।


चिट्ठियों का एक विशेष महत्व यह भी था कि वे स्मृतियों का स्थायी रूप होती थीं। पुराने संदूक या अलमारी में रखी चिट्ठियाँ समय के साथ पीली ज़रूर हो जाती थीं, पर उनमें दर्ज भावनाएँ कभी फीकी नहीं पड़ती थीं। वे एक व्यक्ति के जीवन की कहानी कहती थीं—उसके रिश्तों, उसके संघर्षों और उसके सपनों की। आज के डिजिटल युग में संदेशों का अस्तित्व अस्थायी हो गया है। फिर भी, यह कहना पूरी तरह उचित नहीं होगा कि हमारी भावनाएँ समाप्त हो गई हैं। भावनाएं आज भी हैं, बस उनके अभिव्यक्ति के माध्यम बदल गए हैं। आवश्यकता इस बात की है कि हम आधुनिक साधनों का उपयोग करते हुए भी अपने संबंधों में वही सच्चाई, वही संवेदनशीलता और वही अपनापन बनाए रखें, जो कभी चिट्ठियों में हुआ करता था।


आज चिट्ठियों का दौर भले ही समाप्त हो गया हो, पर उनकी यादें आज भी हमारे भीतर जीवित हैं। वे हमें यह सिखाती हैं कि संवाद केवल शब्दों का आदान-प्रदान नहीं, बल्कि हृदय का जुड़ाव होता है। इसलिए हमें चाहिए कि हम अपने रिश्तों को केवल तकनीक के सहारे नहीं, बल्कि भावनाओं के साथ भी संजोकर रखें,,,,✍️

सादर।।


Comments

Popular posts from this blog

तारसप्तक के कवियों को याद करने की ट्रिक

हिंदी काव्य : बी ए प्रथम सेमेस्टर प्रश्न पत्र

हिंदी गद्य : बी ए तृतीय सेमेस्टर प्रश्न पत्र